राजनीति

नगर निकाय चुनाव: चार नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन

नगर निकाय चुनाव: चार नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन

Share this News


रांची : झारखंड में नगर निकायों के चुनाव की तैयारी जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची को फाइनल किए जाने का काम सभी 24 जिले में जारी है। फिलहाल मतदाता सूची का प्रकाशन जिले स्तर पर 19 अक्टूबर से जारी होना शुरू है। आयोग के पत्रांक 2277, 30-9-22 के द्वारा आगामी नगरपालिका आम चुनाव 2022-23 के लिए जारी निर्देशों के आधार पर अलग अलग जिलों में मतदाता सूची की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन हो चुका है। इस पर 29 अक्टूबर तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त की जानी है। इसके बाद चार नवंबर तक दावा एवं आपत्ति का निराकरण होगा। साथ ही मतदाता सूची का भी अंतिम प्रकाशन होगा।

दावा एवं आपत्ति का होगा निराकरण अधिकांश जिलों में मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। अब इस पर दावा एवं आपत्ति मांगी जा रही है। जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी के स्तर से सूचना दी जा रही है कि प्रारूप मतदाता सूची विनिर्दिष्ट स्थानों (नगर परिषद कार्यालय, सभी मतदान केंद्र, वार्ड पार्षद कार्यालय) पर लगाया जा चुका है। मतदाता अगले 10 दिनों के भीतर इसका निरीक्षण प्रातः 11 बजे से शाम पांच बजे तक कर सकते हैं। यदि कोई दावा या आपत्ति हो तो उक्त स्थल पर ही प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक को प्रपत्र-क (परिशिष्ट-1) एवं प्रपत्र-ख (परिशिष्ट-2) में इसे दे सकते हैं। दावा, आपत्ति की सुनवाई के लिए डेट, स्थान की सूचना के लिए आवेदक को पावती रसीद दी जाएगी।

अभी की तैयारियों को आधार मान कर देखा जाए तो अगले वर्ष की शुरुआत में निकाय चुनाव कराए जाने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि राज्य में 13 नगर निकायों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। नियमानुसार इसी साल उनके लिए चुनाव हो जाने चाहिये थे, पर ऐसा नहीं हो पाया है। अब शेष 35 नगर निकायों का कार्यकाल भी जनवरी-फरवरी तक पूरा होने को है। ऐसे में संभावना जतायी जा रही है कि सभी नगर निकायों के चुनाव एक साथ ही हों।

 

. . .

Read More...